शिक्षा विभाग ने जारी किये निर्देश, सरकारी स्कूलों की दीवार पर फोटो के साथ होगी शिक्षकों की पूरी डिटेल

शिक्षा विभाग ने जारी किये निर्देश, सरकारी स्कूलों की दीवार पर फोटो के साथ होगी शिक्षकों की पूरी डिटेल

जयपुर, 5 मार्च।  राजस्थान के सरकारी स्कूलों में नई व्यवस्था लागू की जा रही है. शिक्षा विभाग के निर्देशों के मुताबिक, राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अब शिक्षकों और कर्मचारियों की पूरी जानकारी स्कूल की दीवार पर लिखी जाएगी. इसमें फोटो के साथ उनका नाम, पद और वे कौन-सा विषय पढ़ाते हैं, इसकी जानकारी भी शामिल होगी. प्रारम्भिक शिक्षा विभाग ने इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.

प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के निदेशक सीताराम जाट ने राज्य के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में इस व्यवस्था को जल्द लागू करवाएं. निर्देश के अनुसार सरकारी स्कूलों की दीवार पर “हमारे शिक्षक-कार्मिक” शीर्षक के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण लिखा जाएगा.

दीवार पर क्या-क्या होगी पूरी डिटेल –

इसमें स्कूल का नाम, शिक्षक या कर्मचारी का फोटो, नाम, एम्पलॉयी आईडी, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता, पद और वे किस कक्षा को कौन-सा विषय पढ़ाते हैं, जैसी जानकारी शामिल होगी. यह जानकारी स्कूल परिसर में ऐसी जगह लिखी जाएगी, जहां सभी लोगों की नजर आसानी से पड़ सके.

वास्तविक सत्यापन में होगी आसानी –

कोटा के जिला शिक्षा अधिकारी राम चरण मीणा के अनुसार इस व्यवस्था से स्कूलों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होगी. विभागीय निरीक्षण के दौरान अधिकारी इस जानकारी के आधार पर शिक्षकों और कर्मचारियों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन भी कर सकेंगे. इस पहल से यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि किसी स्कूल में कितने पद स्वीकृत हैं, कितने पद भरे हुए हैं और कितने पद खाली हैं. इससे स्टाफ की जरूरत के अनुसार तैनाती और प्रबंधन में भी सुविधा होगी.

शिक्षक संगठनों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है. उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कार्मिकों का फोटो सहित विवरण प्रदर्शित करने से पारदर्शिता बढ़ेगी और अभिभावकों को अपने बच्चों के स्कूल की वास्तविक स्थिति जानने में आसानी होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *