चुनाव से पहले सिरोही पुलिस की साइबर एडवाइजरी, फर्जी वोटर लिंक से सावधान रहने की अपील

चुनाव से पहले सिरोही पुलिस की साइबर एडवाइजरी, फर्जी वोटर लिंक से सावधान रहने की अपील

सिरोही। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को देखते हुए सिरोही पुलिस ने मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर ठगी से बचाने के लिए साइबर एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस ने चेताया है कि साइबर ठग व्हाट्सऐप और एसएमएस के जरिए ‘वोटर लिस्ट में अपना नाम देखें’ या ‘आपका पोलिंग बूथ बदल गया है’ जैसे संदेश भेजकर फर्जी लिंक पर क्लिक करवा सकते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक को खोलने से बचने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने कहा कि मतदाता सूची और मतदान से जुड़ी जानकारी के लिए केवल राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग और सीईओ राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइटों का ही उपयोग करें।

अधिकारी बनकर भी कर सकते हैं ठगी

एडवाइजरी में बताया गया कि साइबर ठग खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताकर फोन कर सकते हैं और वोटर कार्ड अपडेट, सत्यापन या अन्य चुनावी प्रक्रिया के नाम पर लोगों से जानकारी मांग सकते हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया या मोबाइल पर मिलने वाली किसी भी संदिग्ध जानकारी को बिना सत्यापन आगे शेयर न करें और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *