शिवगंज। शिवगंज तहसीलदार आशुराम नायक के स्थानांतरण पर शनिवार को तहसील परिसर तथा पुराने राजमार्ग स्थित कुंदन होटल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने माला एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आशुराम नायक ने अपने 11 माह 18 दिन के कार्यकाल में एक अधिकारी के साथ-साथ जनसेवक की भूमिका निभाई। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनके सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव की सभी ने सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, किसी भी प्रशासनिक चुनौती या आपात स्थिति में आशुराम नायक सबसे पहले मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते थे। उनकी कार्यशैली के कारण आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
उल्लेखनीय है कि आशुराम नायक की पहली तहसीलदार के रूप में नियुक्ति शिवगंज में हुई थी। 10 जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची में उनका तबादला जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में किया गया है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने करीब डेढ़ माह तक शिवगंज उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं नगर पालिका प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व भी सफलतापूर्वक निभाया।
वर्ष 2025 में ग्रामीण सेवा शिविरों में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें जिला कलक्टर द्वारा जिला स्तरीय सम्मान से नवाजा गया था। वहीं वर्ष 2026 में भी एसआईआर, ग्रामीण सेवा शिविर एवं विभिन्न प्रशासनिक अभियानों का जिम्मेदारी के साथ सफल संचालन किया।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि शिवगंज की जनता आशुराम नायक की कार्यशैली को लंबे समय तक याद रखेगी और भविष्य में वे उपखंड अधिकारी के रूप में पुनः शिवगंज की सेवा करें, ऐसी सभी की अपेक्षा है।
समारोह में पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा, कार्यवाहक विकास अधिकारी मोहनलाल, नायब तहसीलदार कैलाश नगर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ताराराम कुमावत, भाजपा पोसालिया ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रताप परमार, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाशराज मीणा, समाजसेवी गंगाराम गोयल, लक्ष्मण परिहार, प्रकाश कुमावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।

