ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के लिए देशभर में आयोजित होंगे रोडशो, 23 से 25 मई को होगा ग्राम का आयोजन

जयपुर, 4 अप्रैल।  राजस्थान सरकार के कृषि विभाग द्वारा 23 से 25 मई को आयोजित होने जा रही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के प्रचार-प्रसार और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रमुख शहरों में रोडशो आयोजित किए जाएंगे। ये रोड शो 10 अप्रैल को जयपुर, 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद तथा 8 मई को पुणे में आयोजित होंगे।
इन रोडशो के माध्यम से निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को ग्राम–2026 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उन्हें राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी जाएगी।
रोडशो का उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों और आईटी आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है। इन आयोजनों के दौरान संभावित निवेशकों, एग्रीटेक डेवलपर्स, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए राज्य में कृषि आधारित उद्योगों, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
‘ग्राम’ के संबंध में जानकारी देते हुए प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने बताया कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026 मई माह में आयोजित की जाएगी। इसके लिए आयोजित किए जा रहे रोडशो राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक निवेश और उन्नत तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन रोडशो के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और विशेषज्ञों को राजस्थान की कृषि क्षमता और उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया जा रहा है।
रोडशो के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम–2026 के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों जैसे तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, प्रदर्शनियां, स्मार्ट फार्म एवं पशु प्रदर्शनी, बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (बी2जी) बैठकें तथा निवेश संवाद के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
ग्राम–2026 के बारे में
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 एक अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें निवेशकों, एग्री-उद्यमियों, एग्रीटेक डेवलपर्स, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और किसानों की भागीदारी अपेक्षित है। इससे पूर्व ग्राम का आयोजन 2016-17 में किया गया था। इस आयोजन में राज्य के सभी जिलों से 75,000 से अधिक किसानों, 250 से अधिक प्रदर्शकों, भारत और विदेश की 100 से अधिक कंपनियों तथा साउथ एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया तथा उत्तर और दक्षिण अमेरिका के कई सारे साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
इस आयोजन का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार, निवेश और साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान के कृषि क्षेत्र में सतत विकास और किसानों की आय वृद्धि को प्रोत्साहित करना है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *