पश्चिम बंगाल के Jhargram से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिस झालमुड़ी विक्रेता के यहां प्रधानमंत्री Narendra Modi ने चुनावी दौरे के दौरान रुककर झालमुड़ी खाई थी, अब उसी दुकानदार को कथित तौर पर पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकी भरे कॉल मिल रहे हैं।
झालमुड़ी विक्रेता विक्रम साहू ने दावा किया है कि उन्हें लगातार अनजान नंबरों से धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ कॉल पाकिस्तान से आए, जिनमें उन्हें बम से उड़ाने तक की धमकी दी गई। वहीं बांग्लादेश से भी फोन आने का दावा किया गया है, जिनमें उनसे पूछा जा रहा है कि वह जिंदा हैं या नहीं।
विक्रम साहू ने जताया डर
IANS से बातचीत में विक्रम साहू ने कहा कि वह इन धमकियों से काफी डरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह अकेले ही परिवार चलाते हैं और रोज साइकिल से घर जाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की। विक्रम ने कहा कि व्हाट्सएप पर भी अभद्र संदेश भेजे जा रहे हैं और लगातार परेशान किया जा रहा है।
शिकायत के बाद मिली सुरक्षा
विक्रम साहू ने इन धमकी भरे कॉल्स की शिकायत पुलिस प्रशासन से की थी। इसके बाद उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई। अब उनकी दुकान के बाहर सीआरपीएफ जवान तैनात नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी ने खाई थी झालमुड़ी
दरअसल, झारग्राम में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्थानीय दुकानदार विक्रम साहू की दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाई थी। पीएम मोदी द्वारा 10 रुपये देकर झालमुड़ी खरीदने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। इस घटना के बाद विक्रम साहू की दुकान पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई थी।




