कोलंबो में लगाई पाकिस्तान की ‘लंका’, पाकिस्तान को 61 रनों से हराया, मुंबई में खुशी से झूमे भारतीय फैंस

कोलंबो में लगाई पाकिस्तान की ‘लंका’, पाकिस्तान को 61 रनों से हराया, मुंबई में खुशी से झूमे भारतीय फैंस

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को रिकॉर्ड आठवीं बार हरा दिया है. श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने 61 रनों से जीत दर्ज की. भारत ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ढेर हो गई. भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट चटकाए. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 में भी क्वालीफाई कर गई है

एक बार फिर पाकिस्तान को हराकर भारत ने टी-20 में 8-1 से अपना जलवा बरकरार रखा. वहीं इस जीत को लेकर मुंबई समेत देशभर में भारतीय फैंस खुशी से झूम रहे हैं. इस जीत पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यह जीत भारत के लिए है.

खाली मैदान में लोगों ने उठाया लुत्फ

मुंबई के अंदर फैंस ने एक खाली मैदान में बड़ी स्क्रीन पर इस मैच का लुत्फ उठाया. भारत की जीत के बाद प्रशंसकों द्वारा खुशी का जश्न मनाया गया और वे टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए उत्साह से झूम उठे. जैसे ही भारतीय टीम ने जीत दर्ज की वैसे ही मौजूद दर्शकों में ढोल-नगाड़े बजना शुरू हो गए. इसके बाद फैंस ने जमकर नारेबाजी की

भारत ने पाकिस्तान को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में 61 रन से रौंदा. टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है. भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद नामीबिया को 93 रन से रौंदा. अब भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ 18 फरवरी को अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी.

रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. टीम इंडिया को महज 1 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लगा, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया. ईशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ 46 गेंदों में 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 88 के स्कोर तक पहुंचा दिया.

कैसा रहा पाकिस्तान का हाल?

पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने बाबर आजम (5) के साथ चौथे विकेट के लिए 21 रन जुटाए, जबकि शादाब खान (14) के साथ 39 रन की साझेदारी की, लेकिन 73 के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरते ही टीम लड़खड़ा गई.

उस्मान खान ने 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली, जबकि शाहीन अफरीदी ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 शिकार किया

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *