IND vs AFG U19 : सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

IND vs AFG U19 : सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए। जवाब में भारत के लिए आरोन ने शतक लगाया, जबकि वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत का फाइनल में सामना इंग्लैंड से शुक्रवार को होगा। इंग्लैंड ने एक अन्य सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव और आरोन ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इस दौरान वैभव अपनी पुरानी फॉर्म में नजर आए। वैभव के आउट होने के बाद आरोन और कप्तान म्हात्रे ने पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई। म्हात्रे भले ही आउट हो गए, लेकिन आरोन ने बल्लेबाजी जारी रखी और शतक लगाया। वह हालांकि, टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने जीत की औपचारिकता को पूरा किया।

भारत के लिए आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। वहीं, वैभव ने 33 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन, जबकि म्हात्रे ने 59 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों के सहारे 62 रन की पारी खेली। विहान मल्होत्रा 47 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 और वेदांत छह गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी ओमरजई ने दो विकेट झटके, जबकि वाहिदुल्लाह जादरान को एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *