दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: हरिद्वार से इंदौर जा रही बस ट्रेलर से टकराकर खाई में गिरी, 8 की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: हरिद्वार से इंदौर जा रही बस ट्रेलर से टकराकर खाई में गिरी, 8 की मौत

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जब हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के कुछ देर बाद बस के पिछले हिस्से में आग भी लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे जा गिरे। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। कुछ यात्री खुद भी बस से बाहर निकलने में सफल रहे। बाद में सभी घायलों को एंबुलेंस से दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है।

अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा तथा तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

जांच शुरू, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा

जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि हादसे में 7 से 8 लोगों की मौत और 24 से 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। वहीं, कोलवा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर से टक्कर के बाद बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

दुर्घटना के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *