मणिपुर जाने के लिए PM मोदी का टिकट कांग्रेस ने किया था बुक’, पवन खेड़ा का दावा, एअर इंडिया ने कैंसिल किया

मणिपुर जाने के लिए PM मोदी का टिकट कांग्रेस ने किया था बुक’, पवन खेड़ा का दावा, एअर इंडिया ने कैंसिल किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे पर जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि मणिपुर वहां से दूर नहीं है, आप वहां भी जाइए. कांग्रेस ने पीएम मोदी के नाम पर गुवाहाटी (असम) से इम्फाल (मणिपुर) तक की एअर इंडिया की फ्लाइट टिकट भी बुक कर दी और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि एअर इंडिया एयरलाइंस ने पीएम मोदी के नाम पर बुक टिकट को कैंसिल कर दिया है.

पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया शेयर

कांग्रेस पार्टी के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने दावा किया कि एअर इंडिया ने पीएम मोदी के नाम पर बुक मणिपुर की टिकट को कैंसिल कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कहा, ‘एअर इंडिया एयरलाइन तक को यह बात पता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर के दौरे पर नहीं जाएंगे. इसलिए, मणिपुर के लोगों के लिए मैंने बिल्कुल नेक इरादे के साथ पीएम मोदी की जो मणिपुर की टिकट बुक की थी, उसे बिना मेरी जानकारी के चुपचाप कैंसिल कर दिया गया

उन्होंने कहा, ‘अब यह एक आम धारणा बनती जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तर पूर्वी भारत के किसी राज्य का दौरा तभी करते हैं, जब वहां चुनाव नजदीक होते हैं. शायद यह कारण है कि वे आज असम के दौरे पर गए हुए हैं, लेकिन इसी के साथ यह सवाल भी उठता है कि लंबे समय से अशांति और तनाव की स्थिति का सामना कर रहे मणिपुर में उन्होंने अब तक एक बार भी दौरा क्यों नहीं किया.’ उन्होंने पीएम केयर्स पर तंज कसते हुए आगे कहा, ‘PM CARES? माफ कीजिए, शायद ऐसा नहीं है.’

कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी पर किया तंज

वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपने एक अन्य एक्स पोस्ट में कहा, ‘प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, हम यह जानते हैं कि चुनावी राज्य हमेशा आपकी पहली प्राथमिकता होते हैं, लेकिन मणिपुर को इस तरह त्याग नहीं देना चाहिए. यह राज्य 2023 से जल रहा था और अब यह दुबारा जल उठा है. आप आज असम में ही हैं. वहां से मणिपुर बस एक घंटे की दूरी पर है. कृपया वहां भी जाने का कष्ट करें. प्रधानमंत्री की उपस्थिति मणिपुर के हमारे लोगों को कुछ भरोसा दिलवा सकती है

उन्होंने कहा कि आपकी चुनावी व्यस्तता के बीच इसे आसान बनाने के लिए, हमने गुवाहाटी से इम्फाल के लिए आपकी फ्लाइट भी बुक कर दी है. आपको सिर्फ हवाई जहाज में चढ़ना है. चूंकि मेरे पास आपका नंबर नहीं है, इसलिए मैं आपकी टिकट यहां शेयर कर रहा हूं. कृपया इसका इस्तेमाल कर लें और दिखाएं कि सच में PM CARES.’

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *