सुमेरपुर। नगरपालिका सुमेरपुर में चलाए जा रहे “वेस्ट टू वेल्थ” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की गई। नगरपालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष चतुभुज शर्मा ने अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती विद्यादेवी की स्मृति में प्लास्टिक वेस्ट के पुनर्चक्रण से निर्मित दो बेंच नगरपालिका को भेंट की।
यह पहल प्लास्टिक कचरे के प्रभावी पुनः उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण के बीच ऐसे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि समाज को स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करने का भी संदेश देते हैं।
नगरपालिका द्वारा संचालित “वेस्ट टू वेल्थ” अभियान का उद्देश्य कचरे को उपयोगी संसाधनों में परिवर्तित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। प्लास्टिक वेस्ट से तैयार की गई ये बेंचें आमजन के उपयोग के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता और पुनर्चक्रण के महत्व का संदेश भी देंगी।
नगरपालिका प्रशासन ने इस योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक इसी प्रकार पर्यावरण हितैषी गतिविधियों में सहभागिता निभाएं तो स्वच्छ, सुंदर और हरित सुमेरपुर के निर्माण का लक्ष्य और अधिक मजबूत होगा।
यह सराहनीय प्रयास पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




