सुमेरपुर में कांग्रेस ने टिकट दावेदारों से किया संवाद, 124 दावेदारों ने ठोकी ताल

सुमेरपुर में कांग्रेस ने टिकट दावेदारों से किया संवाद, 124 दावेदारों ने ठोकी ताल

सुमेरपुर। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर सुमेरपुर कांग्रेस में टिकट चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को मानसरोवर वाटिका में कांग्रेस के टिकट दावेदारों से संवाद एवं सवाल-जवाब का दौर चला। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एक-एक कर दावेदारों से उनकी राजनीतिक सक्रियता, वार्ड में पकड़, जनसंपर्क और चुनाव जीतने की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली।

इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा, जिला सह प्रभारी श्रवण राम पटेल, विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा एवं नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा ने दावेदारों से चर्चा की।

124 दावेदारों ने ठोकी ताल

सुमेरपुर नगरपालिका के कुल 35 वार्डों से अब तक 124 कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर कांग्रेस से टिकट की दावेदारी पेश की है। बड़ी संख्या में दावेदार सामने आने के बाद पार्टी के सामने अब प्रत्येक वार्ड में मजबूत और जीताऊ प्रत्याशी चुनने की चुनौती भी बढ़ गई है।

दावेदारों से उनके वार्ड में जनाधार, संगठन के साथ सक्रियता, स्थानीय मुद्दों की समझ, मतदाताओं से संपर्क और चुनावी तैयारियों को लेकर विभिन्न सवाल किए गए। पार्टी स्तर पर दावेदारों की स्थिति को समझने के बाद अब नामों पर आगे मंथन किया जाएगा।

वार्ड 4 और 34 में सबसे ज्यादा दावेदार

आवेदन की स्थिति देखें तो वार्ड नंबर 4 और 34 से सबसे ज्यादा 8-8 दावेदार सामने आए हैं। वार्ड 12 और 17 से 7-7, वार्ड 6 और 33 से 5-5 तथा वार्ड 1, 5, 9, 16, 23 और 31 से 4-4 दावेदारों ने आवेदन किया है।

वहीं अन्य वार्डों में भी दो से तीन कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी जताई है। इससे साफ है कि कांग्रेस के भीतर पार्षद बनने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

अब टिकट को लेकर शुरू होगा मंथन

दावेदारों से संवाद और सवाल-जवाब के बाद अब पार्टी संगठन स्तर पर सभी नामों को लेकर मंथन करेगा। वार्डवार दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता, स्थानीय पकड़, संगठन के प्रति योगदान और चुनाव जीतने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

टिकट को लेकर दावेदारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच पार्टी के सामने सभी गुटों और दावेदारों को साथ लेकर चलने की चुनौती भी रहेगी। टिकट की अंतिम घोषणा के बाद ही साफ होगा कि किस चेहरे पर कांग्रेस अपना भरोसा जताती है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी, जिला उपाध्यक्ष जयदेव सिंह राणावत, महासचिव जाफर सिलावट, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व महासचिव महेश परिहार, ब्लॉक संगठन महासचिव लक्ष्मण मेघवाल, नगर संगठन महासचिव संतोकसिंह सोलंकी, महासचिव किशोर खंडेलवाल, बरकत अली एवं ब्लॉक सचिव जसवंत भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुमेरपुर में कांग्रेस के टिकट दावेदारों से हुए इस संवाद के बाद अब राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि 124 दावेदारों में से पार्टी किन चेहरों पर भरोसा जताएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *