पाली। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिला कलक्टर कार्यालय के कमरा नंबर 126 में चौबीसों घंटे संचालित होने वाला जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी के रूप में उप पंजीयन अधिकारी, पाली प्रथम शिवराज बावरी को नियुक्त किया गया है। वहीं जिला परिषद के अतिरिक्त विकास अधिकारी मदन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सोमप्रकाश को सहायक प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
24 घंटे तीन पारियों में होगा संचालन
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 02932-225380 है। नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे तीन पारियों में कार्य करेगा।
- पहली पारी: सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक
- दूसरी पारी: दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक
- तीसरी पारी: रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित सूचनाओं, समस्याओं एवं आवश्यक समन्वय की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आमजन चुनाव से जुड़ी किसी समस्या या सूचना के लिए निर्धारित दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए नियंत्रण कक्ष को लगातार सक्रिय रखा जाएगा।

