धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी का पहला रिएक्शन, छात्रों को दी बधाई; बोले- अब PM मोदी माफी मांगें

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी का पहला रिएक्शन, छात्रों को दी बधाई; बोले- अब PM मोदी माफी मांगें

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आंदोलनकारी छात्रों को बधाई देते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और उनकी आवाज सुनी गई।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा, “शाबाश देशभर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है। सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए डटकर खड़े होने वाले हर युवा और हर छात्र को बहुत-बहुत बधाई। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हमारी शिक्षा व्यवस्था को फिर से संवारने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”

राहुल बोले- दो मांगें अभी भी बाकी

राहुल गांधी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी आंदोलन से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगें अभी बाकी हैं। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, गरीबों और उन सभी लोगों को, जिन्होंने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है, संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा, “डरो मत, अब इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है।”

धर्मेंद्र प्रधान ने क्यों दिया इस्तीफा?

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उन्हें गहरा दुख पहुंचाया है। उन्होंने लिखा कि यह उनके व्यक्तिगत सम्मान का विषय नहीं, बल्कि देश के छात्रों के भविष्य का सवाल है। उन्होंने कहा कि NEET-UG परीक्षा से जुड़े विवाद के पहले दिन से ही उन्होंने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की और कभी इससे पीछे नहीं हटे।

प्रधान ने यह भी कहा कि वह नहीं चाहते कि छात्रों का भविष्य राजनीतिक विवादों या कानूनी लड़ाइयों में उलझे। इसी कारण उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

कांग्रेस अब इन दो मांगों पर अड़ी

20 जुलाई को हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के बाद राहुल गांधी ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी थीं। पहली मांग धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी, जो अब पूरी हो चुकी है। हालांकि कांग्रेस अब भी दो मांगों पर कायम है।

पार्टी की मांग है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे मामले पर छात्रों से माफी मांगें।

CJP का आंदोलन जारी

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रमुख मांगों में शामिल था। संगठन पिछले कई दिनों से परीक्षा प्रणाली में सुधार, NEET-UG मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर समेत देशभर में प्रदर्शन कर रहा था।

हालांकि CJP का कहना है कि आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक बाकी मांगों पर सरकार की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *