जोधपुर। रेलवे स्टेशन बनाड़ से करीब डेढ़ साल पहले चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में जीआरपी जोधपुर ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के दो और मारपीट का एक मामला दर्ज है। लंबे समय तक मामला अनसुलझा रहने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और दूसरे जिले से मिली सूचना के आधार पर इस चोरी का पर्दाफाश किया।
जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवलराम और उप पुलिस अधीक्षक हरिराम सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चोरी रोकथाम अभियान के तहत थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नागौर जिले के निवासी ऋषिराज गौतम (32) को गिरफ्तार किया।
रेलवे स्टेशन से दिनदहाड़े हुई थी बाइक चोरी
पुलिस के अनुसार 9 जनवरी 2025 को बिरानी निवासी रामकृष्ण अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल से बनाड़ रेलवे स्टेशन स्थित एसएनटी रेलवे परिसर में अस्थायी श्रमिक के रूप में काम करने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 10:15 बजे अपनी बाइक स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी की और ड्यूटी पर चले गए। शाम करीब 4:30 बजे लौटने पर बाइक वहां से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर पीड़ित ने जीआरपी थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया।
‘अदम पता’ एफआर के बाद फिर खुली जांच
घटना के बाद पुलिस ने कई स्तर पर जांच की, लेकिन लंबे समय तक आरोपी और चोरी की गई बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में विवेचना के दौरान पुलिस ने ‘अदम पता’ एफआर न्यायालय में पेश कर दी थी। इसी बीच नागौर जिले के पादुकलां थाना पुलिस से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर जीआरपी ने मामले की जांच दोबारा शुरू की।
पुलिस ने संदिग्ध ऋषिराज गौतम से पूछताछ की, जिसमें उसने रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक बनाता था निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशनों और सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों की पहले रेकी करता था। मौका मिलते ही वह वाहन चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के दो मामले और मारपीट का एक मामला शामिल है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक चरणसिंह, उपनिरीक्षक गजेसिंह, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल दीपेंद्रपाल सिंह, कांस्टेबल रिड़मल सिंह, मानाराम तथा चालक कांस्टेबल युधिष्ठिर की विशेष भूमिका रही। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

