माउंट आबू में पालिका की कार्रवाई के विरोध में बाजार बंद, चार दुकानें सील होने से व्यापारियों में रोष

माउंट आबू में पालिका की कार्रवाई के विरोध में बाजार बंद, चार दुकानें सील होने से व्यापारियों में रोष

माउंट आबू (सिरोही)। माउंट आबू में मंगलवार को नगर पालिका द्वारा आबू लघु व्यापार संघ की चार दुकानों को सील किए जाने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। कार्रवाई के विरोध में आबू लघु व्यापार संघ ने अपने सभी प्रतिष्ठान बंद रखकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें कार्रवाई से पहले कोई पूर्व सूचना या नोटिस नहीं दिया गया।

चार दुकानों पर ताले, नोटिस किए चस्पा

नगर पालिका की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए आबू लघु व्यापार संघ से जुड़ी चार दुकानों को सील कर दिया और मौके पर नोटिस भी चस्पा किए। इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही व्यापारी एकत्रित हो गए और इसे मनमानी बताते हुए विरोध जताया।

पालिका आयुक्त से नहीं मिली राहत

कार्रवाई के विरोध में व्यापारी पहले नगर पालिका आयुक्त से मिलने पहुंचे। व्यापारियों का कहना है कि आयुक्त ने उन्हें उपखंड अधिकारी (एसडीएम) से मिलने के लिए कहा, लेकिन उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया गया।

इसके बाद सभी व्यापारी एसडीएम डॉ. अंशु प्रिया के कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों के अनुसार, एसडीएम कार्यालय में मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रतिनिधि से मुलाकात नहीं की और न ही उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो व्यापारी निराश होकर लौट आए।

विरोध में बंद किए सभी प्रतिष्ठान

प्रशासन से राहत नहीं मिलने पर आबू लघु व्यापार संघ के सदस्यों ने विरोध स्वरूप अपने सभी प्रतिष्ठान बंद कर दिए। बाजार बंद होने से शहर में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं और व्यापारियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

आबू लघु व्यापार संघ के अध्यक्ष यश शर्मा ने आरोप लगाया कि संघ हमेशा प्रशासन का सहयोग करता आया है, लेकिन बिना किसी उचित कारण और पूर्व सूचना के दुकानें सील करना कानून सम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यापारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है।

यश शर्मा ने कहा कि वर्तमान में स्कूल खुल चुके हैं और बारिश का मौसम होने के कारण आम परिवारों पर पहले से ही आर्थिक बोझ है। ऐसे समय में दुकानों को सील कर व्यापारियों की आजीविका प्रभावित करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक समाधान नहीं निकाला तो संघ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आगे के आंदोलन की रणनीति भी तैयार करेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *