सिरोही में बड़ी कार्रवाई: 2040 एनर्जी ड्रिंक कैन जब्त, 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक कराई नष्ट

सिरोही में बड़ी कार्रवाई: 2040 एनर्जी ड्रिंक कैन जब्त, 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक कराई नष्ट

सिरोही। राजस्थान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सिरोही जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मांडवा रोड स्थित मां अर्बुदा एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम ने 2040 एनर्जी ड्रिंक कैन जब्त किए तथा मौके पर रखी करीब 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को नष्ट कराया।

अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गोदाम से कैफीनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी और ब्लैक बगीरा एनर्जी ड्रिंक के दो नमूने एफएसएसएआई एक्ट के तहत जांच के लिए लिए। साथ ही 2040 कैन को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत और धर्मवीर की टीम ने की।

भ्रामक दावों पर FSSAI की सख्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने स्पष्ट किया है कि कैफीनेटेड पेय पदार्थों के लेबल पर “स्टिमुलेट्स माइंड”, “एनर्जाइज बॉडी”, “एनर्जी ड्रिंक” या “स्पोर्ट्स ड्रिंक” जैसे दावे करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकता है। इसी संबंध में एफएसएसएआई ने देश की कई प्रमुख बेवरेज कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।

जोधपुर लैब भेजे जाएंगे नमूने

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए एनर्जी ड्रिंक के नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जोधपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद एफएसएसएआई अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर

विभाग ने बताया कि ऐसे कैफीनेटेड पेय पदार्थों में कैफीन की मात्रा अधिक होती है, जो गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग प्रदेशभर में ऐसे उत्पादों की जांच अभियान चला रहा है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने गोदाम में रखी लगभग 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को भी मौके पर ही नष्ट करवाया, ताकि वह बाजार में बिक्री के लिए न पहुंच सके। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *