सुमेरपुर (पाली)। पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पुराड़ा गांव की नई बस्ती में मंगलवार को पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने ही भाई और उसके परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घायल गोमाराम पुत्र चतराराम (60) ने बताया कि उसका भाई शराब के नशे में था। किसी पारिवारिक बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में गोमाराम (60), उनकी पत्नी मोहनी देवी (55) और पुत्र मांगीलाल (30) घायल हो गए। परिजनों ने तीनों घायलों को तत्काल पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। घायलों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








