जयपुर में रिश्वत लेते बेंगलुरु पुलिस की महिला SI समेत तीन गिरफ्तार

जयपुर में रिश्वत लेते बेंगलुरु पुलिस की महिला SI समेत तीन गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस की एक महिला सब इंस्पेक्टर (SI) और दो हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तीनों पुलिसकर्मी दहेज प्रताड़ना के एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए थे।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने दहेज प्रकरण में कार्रवाई नहीं करने के बदले परिवादी से 2 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सत्यापन कर रविवार सुबह जयपुर के विधायकपुरी स्थित होटल गणगौर में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

दहेज मामले में कार्रवाई रोकने के बदले मांगे थे रुपए

परिवादी ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहू ने बेंगलुरु में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के लिए बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) पुलिस स्टेशन की टीम जयपुर पहुंची थी।

आरोप है कि जांच के बाद पुलिसकर्मियों ने मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। परिवादी ने तत्काल 40 हजार रुपए की व्यवस्था होने की बात कही, जिस पर आरोपियों ने शेष राशि बाद में देने की शर्त रखते हुए रविवार सुबह होटल में 40 हजार रुपए लेने के लिए बुलाया।

होटल में बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़े गए

एसीबी ने शनिवार रात रिश्वत मांगने के आरोपों का सत्यापन किया और रविवार सुबह होटल गणगौर में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपियों ने परिवादी से 40 हजार रुपए लिए, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई अनीथा, हेड कॉन्स्टेबल यतीश कुमार और हेड कॉन्स्टेबल उल्वप्पा शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद महिला एसआई की बिगड़ी तबीयत

एसीबी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद महिला एसआई अनीथा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मेडिकल जांच में सामने आया कि वह उच्च रक्तचाप (बीपी) की मरीज हैं। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

एसीबी अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *