खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में किया सरेंडर, गोलीकांड मामले में बढ़ी मुश्किलें

खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में किया सरेंडर, गोलीकांड मामले में बढ़ी मुश्किलें

पटना, 06 जून 2026। चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर ने पटना के मुसल्लहपुर इलाके में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पिछले कई दिनों से उनकी गिरफ्तारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि पुलिस कार्रवाई से पहले ही उन्होंने अदालत की शरण लेकर आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। उनके वकील ने पुष्टि की है कि खान सर सिविल कोर्ट पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया में शामिल हुए।

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है मामला

मंगलवार रात मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी और हंगामे की घटना हुई थी। इस मामले में कदमकुआं थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के दौरान खान सर के अंगरक्षकों ने बयान दिया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर गोली चलाई थी। इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तारी की आशंका के बीच बढ़ी थी सुरक्षा

मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार शाम से ही खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और यह माना जा रहा था कि पुलिस किसी भी समय उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि देर रात तक पुलिस उन्हें हिरासत में नहीं ले सकी और आखिरकार उन्होंने अदालत में सरेंडर कर दिया।

कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों का जमावड़ा

खान सर के खिलाफ कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद उनके कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। पूरी रात वहां हाई-वोल्टेज माहौल बना रहा। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन सैकड़ों छात्र मौके पर डटे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की कई गाड़ियां और अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया।

अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी

पुलिस जांच के अनुसार यह विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले में दूसरे संस्थान ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं खान सर के दो अंगरक्षक भी पुलिस हिरासत में हैं। इस तरह अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना मामला

शिक्षा जगत में बड़ी पहचान रखने वाले खान सर के सरेंडर के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। अब सभी की नजरें अदालत की अगली सुनवाई और पुलिस जांच पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में कोर्ट और जांच एजेंसियों की कार्रवाई से इस बहुचर्चित मामले में नए खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *