पाली को मिली दिल्ली की सीधी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

पाली को मिली दिल्ली की सीधी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

सम्पादक/ पाली वासियों का सालों पुराना इंतजार आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गया, जब भुज-दिल्ली (19403-04) ट्रेन पहली बार पाली रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया और फोटो-वीडियो बनाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया।

इस खास मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw खुद पाली रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर भुज-दिल्ली ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया। समारोह के दौरान रेल मंत्री ने पाली रेलवे स्टेशन के नए डिजाइन की तस्वीर भी लोगों को दिखाई और मुस्कुराते हुए पूछा — “कैसा लगा, गुलाब हलवा खिलाओगे?” इस पर लोगों ने भी उत्साह से जवाब दिया — “जरूर खिलाएंगे।”

राजस्थान को मिला 10 हजार करोड़ का रेलवे बजट

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि पहले राजस्थान को रेलवे के लिए केवल 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को 10 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में 85 रेलवे स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 15 स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। इनमें बाड़मेर, बूंदी, दौसा, डीग, देशनोक, फतेहपुर शेखावाटी, गंगापुर सिटी, गोगामेड़ी, गोविंदगढ़, राजगढ़, जैसलमेर, खैरथल, मांडलगढ़, मुंडावर और सोमेसर (पाली) शामिल हैं।

पाली से दिल्ली की कनेक्टिविटी मजबूत

शाम करीब 7 बजे ट्रेन के पाली रेलवे स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर जश्न का माहौल बन गया। रेलवे स्टेशन को तिरंगा थीम पर विशेष रूप से सजाया गया था। बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।

इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से अब पालीवासी सीधे ट्रेन के जरिए दिल्ली की यात्रा कर सकेंगे। साथ ही जयपुर के लिए भी एक अतिरिक्त ट्रेन मिलने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। लंबे समय से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रहे पालीवासियों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *