जोधपुर में मंगलवार को शताब्दी सर्किल से आगे डीमार्ट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निजी ट्रैवल्स की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में आग लगते ही सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंचती तो आग और फैल सकती थी।




