सुमेरपुर शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। भेरू चौक, सिंचाई कॉलोनी, मुख्य बाजार सहित कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम में दिन-रात हो रही कटौती से नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार चार-पांच घंटे तक बिजली बंद रहती है, जिससे घरों, दुकानों और छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं विद्यार्थियों और बुजुर्गों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं।
जिस इलाके में सबसे ज्यादा बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं, उसी क्षेत्र में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का निवास भी स्थित है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि “मंत्री जी के घर तो बड़े-बड़े जनरेटर लगे हैं, उन्हें क्या पता चलेगा कि आम जनता बिजली कटौती से कितनी परेशान हो रही है।” लोगों का आरोप है कि आम नागरिक गर्मी और अंधेरे में परेशान हैं, जबकि जिम्मेदार लोगों तक इन समस्याओं का असर पहुंच ही नहीं रहा।
वहीं बिजली विभाग हर बार लाइन फॉल्ट, मेंटेनेंस और ओवरलोडिंग जैसे कारण बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचता नजर आता है। हालांकि कर्मचारी देर रात तक मरम्मत कार्य करते दिखाई देते हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। शहरवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।








