जयपुर, 10 मार्च। राजस्थान में अपराधी गिरोहों पर लगाम लगाना एक बड़ी चुनौती रही है. राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा, हरि बॉक्सर जैसे गैंगस्टर्स के नाम चर्चा में रहते हैं. अक्सर यह भी देखा जाता है कि ये गैंगस्टर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बातें सामने रखते हैं. इनके अपने सोशल मीडिया अकाउंट होते हैं और कई बार कई युवा और अन्य लोग उनसे आकर्षित और प्रभावित हो जाते हैं और इन्फ्लुएंसर्स की तरह उन्हें फॉलो और लाइक करते हैं. लेकिन, अब गैंगस्टरों का महिमामंडन करनेवालों के खिलाफ राजस्थान पुलिस सख़्त कार्रवाई करने जा रही है. पुलिस की साइबर टीम विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
जयपुर साउथ डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि राजस्थान में अब सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स को फ़ॉलो करने वाले लोगों पर भी सख़्ती से कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर साइबर टीम ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है.
डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया,”राजस्थान पुलिस अब ऐसे लोगों पर भी सख़्त कार्रवाई करेगी जो बदमाशों को अपना आदर्श मानती है. विभिन्न ज़िलों की साइबर सेल टीम फेसबुक, इंस्टा और ट्विटर जैसे सारे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपराधियों और उनसे ताल्लुक रखनेवाले लोगों के अकाउंट पर तो निगरानी रख ही रही है, साथ ही ऐसे लोगों के अलाउंट्स की भी हम निगरानी कर रहे हैं जो उन्हें फॉलो कर रहे हैं जिनमें ज़्यादातर युवा हैं.”
राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि अब कार्रवाई केवल अपराधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे आपराधिक तंत्र को ध्वस्त किया जाएगा. पुलिस ने इसके लिए एक्शन प्लान तैयार कर लिया है. साइबर टीम इसके लिए सोशल मीडिया पर नज़र रखेगी.
जिन लोगों की पहचान होगी उनके खिलाफ़ संगठित अपराध की रोकथाम से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, गैंगस्टर्स को फॉलो करनेवाले लोगों के परिजनों को भी हिदायत दी जाएगी.










