जोधपुर के डीजे ग्रामीण कोर्ट में हड़कंप, बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही खाली कराया परिसर

जोधपुर के डीजे ग्रामीण कोर्ट में हड़कंप, बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही खाली कराया परिसर

जोधपुर में आज सुबह डीजे ग्रामीण कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी पहुंचीं और कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की गई। कई घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। डीसीपी पीडी नित्या ने बताया कि धमकी वाले ई-मेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल कोर्ट परिसर की पूरी तरह तलाशी ली जा चुकी है और किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में राजस्थान हाईकोर्ट को भी कई बार इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। इससे पहले 17 फरवरी को जोधपुर और जयपुर बेंच को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं 6 फरवरी 2026 को भी इसी तरह की धमकी के बाद दोनों परिसरों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया था। लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण न्यायिक कार्रवाई भी प्रभावित हो रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *