राजस्थान के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में लगी भीषण आग में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद फैक्टरी परिसर की गहन तलाशी ली गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना नहीं है। सभी घायलों को चिकित्सा सुविधा के लिए सफदरजंग दिल्ली रेफर किया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और अधिकारियों को उपचार में किसी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए।
सरकार स्तर पर मॉनिटरिंग तेज
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम की राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। वन एवं पर्यावरण मंत्री ने भी अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और लगातार संपर्क में हैं। वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
हादसे को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। आगामी सात दिनों में खुशखेड़ा-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच की जाएगी। इस दौरान अग्नि सुरक्षा उपायों, वैधानिक अनुमतियों, रसायनों के सुरक्षित भंडारण, श्रमिक सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भ्रामक खबरों और अफवाहों से दूर रहें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। साथ ही आश्वस्त किया गया है कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।








