धनतेरस पर CM भजनलाल पहुंचे मेहंदीपुर बालाजी, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की विशेष पूजा

धनतेरस पर CM भजनलाल पहुंचे मेहंदीपुर बालाजी, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की विशेष पूजा

धनतेरस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को दौसा जिले के प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान बालाजी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और आरोग्यमय जीवन की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा विधायकों, पदाधिकारियों और मंदिर प्रशासन ने पारंपरिक रूप से किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना हुए और सुबह 11:30 बजे मेहंदीपुर बालाजी पहुंचे। मीन भगवान मंदिर के पास स्थित हेलीपेड पर सिकराय विधायक विक्रम बंसीवाल के नेतृत्व में विधायकों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत में लालसोट विधायक रामबिलास मीणा, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

May be an image of temple and text

मंदिर के पट बंद होने के कारण मुख्यमंत्री पहले महंत निवास पहुंचे, जहा महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने उनकी अगवानी की। मुख्यमंत्री ने निवास पर करीब आधे घंटे तक विश्राम किया। इसके बाद 12:30 बजे मंदिर के पट खुलने पर वे गर्भगृह पहुंचे और पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महंत नरेशपुरी महाराज ने मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री से विशेष पूजा करवाई और प्रदेश की समृद्धि की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को पंच पर्व दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं और स्वदेशी उत्पादों के अधिक से अधिक उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल की भावना के साथ स्थानीय उत्पादों का उपयोग करने से कामगारों, दुकानदारों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में देश मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में कमी कर आमजन को राहत दी है, जिससे रोटी, कपड़ा और मकान सस्ता हुआ है और यह दीपावली जनता के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *