डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, एक परिवार के चार लोगों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने जाम की सड़क

डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, एक परिवार के चार लोगों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने जाम की सड़क

अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पत्थरों से भरे तेज रफ्तार डंपर ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसपर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक पांच वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसा कबराला ढाणी के पास झिरी स्टैंड के पास हुआ।

सुबह काम पर जा रहे थे चारों
जानकारी के अनुसार, मेजोड़ गांव निवासी बाबूलाल, मोहित, नरसी और अशोक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुबह काम पर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे डंपर ने बाइक को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और अलवर-जयपुर मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपरों की आवाजाही लगातार हादसों को जन्म दे रही है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। आक्रोशित भीड़ ने प्रदर्शन के दौरान कुछ राहगीरों के साथ हाथापाई भी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस की हस्तक्षेप से खुला जाम
करीब दो घंटे तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। हालात बिगड़ते देख प्रतापगढ़ थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और सड़क पर यातायात बहाल कराया। मृतकों के शवों को प्रतापगढ़ के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मेजोड़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *