माउंट आबू में 8 इंच से ज्यादा बारिश, आम्बेश्वर और सारणेश्वर महादेव में फूटे दूधिया झरने; उमड़े श्रद्धालु

माउंट आबू में 8 इंच से ज्यादा बारिश, आम्बेश्वर और सारणेश्वर महादेव में फूटे दूधिया झरने; उमड़े श्रद्धालु

सिरोही। सिरोही जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू का प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में माउंट आबू में सर्वाधिक 203 मिमी (8 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के चलते प्रसिद्ध आम्बेश्वर महादेव और सारणेश्वरजी महादेव मंदिर की पहाड़ियों से दूधिया झरने फूट पड़े, जिससे पूरा क्षेत्र मनमोहक प्राकृतिक नजारों से भर गया।

पहाड़ियों से फूटे झरनों ने बढ़ाई खूबसूरती

लगातार बारिश के बाद पहाड़ियों से तेज जलधाराएं झरनों के रूप में बहने लगीं। आम्बेश्वर धाम के आसपास स्थित मंदिर परिसर, कुंड और नदी-नालों में पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ गया। हरी-भरी पहाड़ियों के बीच बहते सफेद झरनों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित किया, जो इस खूबसूरत नजारे को कैमरों में कैद करते नजर आए।

स्थानीय निवासी समीक्षा कश्यप ने बताया कि पहाड़ियों में तेज बारिश के बाद अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और देखते ही देखते कई स्थानों पर झरने बहने लगे। पूरे क्षेत्र में बहते पानी की कल-कल की आवाज और ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया।

तापमान में गिरावट, पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही

लगातार बारिश से माउंट आबू और आसपास के क्षेत्रों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सावन और मानसून के बीच प्रकृति के इस अद्भुत रूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आम्बेश्वर महादेव मंदिर पहुंच रहे हैं।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने तथा झरनों के तेज बहाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को तेज बहाव वाले नदी-नालों, झरनों और पहाड़ियों के निचले हिस्सों में जाने से बचने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

जिले में कहां कितनी हुई बारिश

शनिवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में दर्ज वर्षा इस प्रकार रही—

  • माउंट आबू – 203 मिमी
  • सिरोही – 95 मिमी
  • पिंडवाड़ा – 70 मिमी
  • बत्तीसानाला – 48 मिमी
  • अणगौर – 38 मिमी
  • देलदर – 36 मिमी
  • आबू रोड – 26 मिमी
  • भूला – 26 मिमी
  • रेवदर – 22 मिमी
  • शिवगंज – 20 मिमी
  • धांता – 12 मिमी
  • वेस्ट बनास – 9 मिमी

लगातार बारिश के चलते जिले के अधिकांश नदी-नालों, बांधों और अन्य जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ गई है, जिससे जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *