कत्ल की वारदात: नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी के मन में आक्रोश, चार दिन की पुलिस रिमांड पर राहुल मीणा

कत्ल की वारदात: नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी के मन में आक्रोश, चार दिन की पुलिस रिमांड पर राहुल मीणा

दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घर में आरोपी को उसके पिता ने नौकरी दिलाई थी, उसने उसी घर की बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने अलवर निवासी आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल मीणा अलवर जिले के राजगढ़ का रहने वाला है। उसके पिता संबंधित IRS अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत थे और उनके कहने पर ही आरोपी को घर में काम पर रखा गया था। कुछ समय बाद पैसों की गड़बड़ी और अन्य शिकायतों के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

जांच में सामने आया है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी के मन में आक्रोश था। बदला लेने की नीयत से वह दिल्ली पहुंचा और मौका पाकर मोबाइल चार्जर के केबल से युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है, जिसकी फोरेंसिक जांच जारी है।

बहरहाल पुलिस ने आरोपी को दिल्ली में द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। पूछताछ में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी इससे पहले अलवर में भी एक वारदात में शामिल रहा है, जहां उस पर एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का आरोप है। इस मामले में अलवर पुलिस अलग से जांच कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की कई टीमें अलवर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। आरोपी के परिजनों सहित कुछ लोगों से पूछताछ के बाद उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। साथ ही उसे आगे की पूछताछ के लिए अलवर ले जाया जा सकता है। दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *