सुमेरपुर। परम पूज्य 108 महामंडलेश्वर श्री हरिराम दासजी महाराज के सानिध्य में श्री बाण माता मंदिर, झांसी रानी सर्कल में चल रही श्रीराम कथा के दौरान शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी और श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही कथा स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भजनों पर उत्साह के साथ झूम उठे।
कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर कथा स्थल को विशेष रूप से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगाए। भजनों की धुन पर युवाओं और श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। वहीं युवतियों और महिलाओं ने गरबा नृत्य कर कृष्ण भक्ति में अपनी आस्था प्रकट की। गरबा नृत्य के दौरान महिलाओं और युवतियों का उत्साह देखते ही बना।
15 साल बाद अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का संयोग
इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बताया गया कि करीब 15 साल बाद अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इस विशेष संयोग के चलते जन्माष्टमी को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह और बढ़ गया।
श्री बाण माता मंदिर में चल रही श्रीराम कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किए गए। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होकर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
रात 12 बजे हुआ पंचामृत अभिषेक
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर रात 12 बजे पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इसके बाद रात 12:15 बजे भव्य आरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान पूरा कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
आरती के पश्चात मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
शहर के विभिन्न मंदिरों में भी हुए धार्मिक आयोजन
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर सुमेरपुर शहरभर के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। रात के समय मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई और पूरा शहर कृष्ण भक्ति में रंगा दिखाई दिया।
श्री बाण माता मंदिर में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान भजन, गरबा, आरती और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं, युवतियों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
