जोधपुर नगर निगम चुनाव: निर्दलीय प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह, पति-पत्नी दंडवत करते पहुंचे अधिकारी के पास

जोधपुर नगर निगम चुनाव: निर्दलीय प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह, पति-पत्नी दंडवत करते पहुंचे अधिकारी के पास

जोधपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इस दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब पति-पत्नी चुनाव चिन्ह लेने के लिए कलेक्ट्रेट गेट से सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय तक दंडवत करते हुए पहुंचे।

श्रवण सांसी ने बताया कि उनकी पत्नी सीता वार्ड संख्या 91 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें चुनाव में बेंच का चुनाव चिन्ह मिला है। श्रवण ने बताया कि दोनों पति-पत्नी ने सांवलिया सेठ से जीत की मनोकामना मांगी थी। नामांकन भरने से पहले भी उन्होंने सांवलिया सेठ का आशीर्वाद लिया था। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद दोनों दंडवत करते हुए अधिकारी के कार्यालय तक पहुंचे।.

सेव और अलमारी की रही सबसे ज्यादा डिमांड

निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से चुनाव चिन्हों में सेव और अलमारी की सबसे ज्यादा मांग रही। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से 38 निर्दलीय प्रत्याशियों को अलमारी और 34 प्रत्याशियों को सेव का चुनाव चिन्ह दिया गया।

इसके अलावा 16 प्रत्याशियों को बांसुरी, 9 को सिलाई मशीन, 8 को गुब्बारा और 8 उम्मीदवारों को टेलीफोन का चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया।

कुछ प्रत्याशियों को चप्पल, ईंट, हरी मिर्च, अंगूर, हारमोनियम, टॉफियां, जंजीर, टीवी, बेंच, कोट और बाल्टी जैसे चुनाव चिन्ह भी मिले। ‘आदमी और पाल युक्त नौका’ भी कुछ प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह के रूप में मिली।

किसी को सेब तो किसी को मिली फूल गोभी

चुनाव चिन्ह मिलने के बाद कई प्रत्याशी अपने-अपने सिंबल को हाथ में लेकर नजर आए। किसी प्रत्याशी को सेब, तो किसी को फूल गोभी और गुब्बारा चुनाव चिन्ह मिला। प्रत्याशियों ने अपने चुनाव चिन्ह हाथ में लेकर फोटो भी खिंचवाई।

19 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

जोधपुर नगर निगम के 19 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। वहीं 23 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इन वार्डों में निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी भाजपा-कांग्रेस के जीत के समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं।

वार्ड नंबर 47 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 9 निर्दलीय, भाजपा और कांग्रेस के एक-एक प्रत्याशी तथा आरएलपी और आप के एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं।

अब 385 प्रत्याशी मैदान में

रिटर्निंग ऑफिसर रामकिशोर मीणा के अनुसार, स्क्रूटनी के बाद जोधपुर नगर निगम चुनाव में 573 प्रत्याशी मैदान में थे। दो दिनों में 188 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, जिसके बाद अब 100 वार्डों के लिए 385 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *