जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल की गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे।

22 डिपो को मिली नई बसें
पूजा-अर्चना के बाद बसों को प्रदेश के विभिन्न डिपो के लिए रवाना किया गया। रोडवेज ने 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों का आवंटन 22 डिपो को किया है। नई बसों के संचालन से प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं बसें
सभी नई बसें BS-VI मानक की हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी गंतव्य डिस्प्ले बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU) और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में पैनिक बटन भी लगाया गया है।

कम किराए में बेहतर सफर का दावा
रोडवेज का कहना है कि नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को कम किराए में सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। बसों में एक तरफ तीन और दूसरी तरफ दो-दो सीटों की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) के जरिए बसों की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी। वहीं, किसी भी आपात स्थिति में पैनिक बटन के माध्यम से यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी रहेगी।

