धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पाली में कांग्रेस का जश्न, सूरजपोल से गांधी मूर्ति तक निकाला विजय मार्च

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पाली में कांग्रेस का जश्न, सूरजपोल से गांधी मूर्ति तक निकाला विजय मार्च

पाली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम पाली शहर में जश्न मनाया। कांग्रेस ने इसे युवाओं और छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए शहर में विजय मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ता शाम को शहर के सूरजपोल चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से गांधी मूर्ति तक विजय मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने कहा कि यह सत्य की लड़ाई में न्याय की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले ही इस मुद्दे को उठाया था और आखिरकार सरकार को फैसला लेना पड़ा।

वहीं सोजत विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे निरंजन आर्य ने कहा कि भाजपा हमेशा कहती थी कि उनकी पार्टी में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन युवा शक्ति ने अपनी ताकत दिखा दी। उन्होंने कहा कि जो सरकार युवाओं की समस्याओं को नहीं समझेगी, वह लंबे समय तक देश पर शासन नहीं कर सकती।

पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर ने कहा कि यह शुरुआत है। उन्होंने आने वाले समय में अन्य मंत्रियों के इस्तीफे की बात कही। कांग्रेस नेता महावीर सिंह सुकरलाई ने इसे सत्ता के अहंकार की हार और लोकतंत्र व छात्रों के संघर्ष की जीत बताया।

कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

विजय मार्च और प्रदर्शन के दौरान पाली शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, देसूरी ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौहान, गोरधन देवासी, सुमेरपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेहपाल सिंह पावा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सुभाष मेवाड़ा, जोगाराम सोलंकी, भेरूसिंह सोनाणा, प्रकाश सांखला, जीवराज बोराणा, मेहबूब टी, सुमित्रा जैन, मदनसिंह जागरवाल, यशपाल सिंह कुम्पावत सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *