NEET पेपर लीक मामले पर सिरोही में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका; भाजपा ने लगाया राजनीति का आरोप

NEET पेपर लीक मामले पर सिरोही में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका; भाजपा ने लगाया राजनीति का आरोप

सिरोही। NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्र आंदोलन के समर्थन में शनिवार को सिरोही नगर में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरजावाव दरवाजे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि NEET पेपर लीक और दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम से देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की छवि प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।

हाथों में तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां लेकर पहुंचे। इन पर ‘पेपर लीक बंद करो’, ‘मेहनत का सम्मान करो’, ‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो’, ‘पेपर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करो’, ‘ईमानदार छात्रों को न्याय दो’ और ‘भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा व्यवस्था लागू करो’ जैसे नारे लिखे हुए थे।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।

कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव हेमलता शर्मा, जिलाध्यक्ष रेणु व्यास, नगर अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल सीरवी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीणा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हनुवंत सिंह वेरा, कुशल देवड़ा, शिवगंज ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष चंपालाल त्रिगर, हरीश राठौड़, पूर्व संगठन महामंत्री जोगाराम मेघवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष तेजाराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं सरजावाव दरवाजे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नगर अध्यक्ष चिराग रावल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल राजनीतिक जमीन तलाशने में लगा हुआ है।

रावल ने कहा कि आंदोलन की आड़ में राजधानी का माहौल खराब करने और व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आंदोलन का समर्थन कर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है।

रीट पेपर लीक का भी किया जिक्र

भाजपा नगर अध्यक्ष ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के शिक्षा मंत्री कार्यकाल के दौरान हुए रीट परीक्षा पेपर लीक मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय डोटासरा के इस्तीफे की मांग उठी थी, लेकिन उन्होंने इसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था।

रावल ने कहा कि आज कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेर रही है, जबकि अपने शासनकाल की घटनाओं पर जवाबदेही से बचती रही। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति करार दिया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *