पाली। पाली जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागावास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक का पंचर ठीक करवाने के लिए पैदल जा रहे ट्रक चालक को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे दूध के टैंकर से टकरा गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक भी घायल हो गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर सोजत सिटी थाना पुलिस और एलएंडटी की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
ट्रक पंचर होने पर पैदल जा रहा था चालक
सोजत सिटी थाने के हेड कांस्टेबल रमेश जाजड़ा ने बताया कि मृतक की पहचान बाड़मेर जिले के सिंदरली क्षेत्र निवासी तेजाराम (35) के रूप में हुई है। तेजाराम जिस ट्रक को चला रहा था, उसका टायर पंचर हो गया था। वह ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर पंचर की दुकान की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को सोजत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

डिवाइडर पार कर दूध के टैंकर से भिड़ा ट्रेलर
पैदल जा रहे ट्रक चालक को कुचलने के बाद ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रेलर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे दूध के टैंकर से जा टकराया। टक्कर में ट्रेलर चालक ब्रज प्रकाश (28) पुत्र सोकचंद, निवासी जहापुरा, भीलवाड़ा घायल हो गया।
घायल चालक को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




