अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता और संभावित समझौते की खबरों के बीच मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर कई सटीक हवाई हमले किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली सेना ने पुष्टि की है कि दहिया क्षेत्र में हिज्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह इलाका हिज्बुल्लाह का मजबूत गढ़ माना जाता है और पहले भी कई बार हमलों का केंद्र रहा है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह कार्रवाई हिज्बुल्लाह द्वारा उत्तरी इजरायल की ओर ड्रोन और गोलीबारी किए जाने के जवाब में की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समझौते की संभावनाएं जताई जा रही हैं। ऐसे में क्षेत्र में बढ़ी सैन्य गतिविधियां शांति प्रयासों के लिए नई चुनौती बन सकती हैं।
दूसरी ओर लेबनान में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। दहिया क्षेत्र के निवासियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों से आम नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष लगातार बढ़ा है। दोनों पक्षों के बीच ड्रोन हमले, रॉकेट हमले और जवाबी सैन्य कार्रवाई की घटनाएं क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं।




