सोशल मीडिया ट्रोलिंग से परेशान महिला इन्फ्लूएंसर ने खाया जहर, हालत गंभीर

सोशल मीडिया ट्रोलिंग से परेशान महिला इन्फ्लूएंसर ने खाया जहर, हालत गंभीर

जोधपुर। शहर के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी में बुधवार सुबह एक महिला सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने यह कदम उठाने से पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की। पोस्ट में लिखा था, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” पोस्ट सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में हड़कंप मच गया।

पति ने लगाए सोशल मीडिया ट्रोलिंग के आरोप

अनीता के पति दीनाराम ने बताया कि पिछले कुछ समय से कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर उनकी पत्नी को लगातार निशाना बना रहे थे। उनका आरोप है कि अनीता द्वारा महिलाओं की वेशभूषा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े एक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जाने लगा।

पति के अनुसार कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणियां और कथित धमकियां भी दी जा रही थीं। इससे अनीता मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थीं।

पहले भी दी थी शिकायत की सलाह

दीनाराम ने बताया कि उन्होंने अनीता को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी थी, लेकिन अनीता ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह किसी से डरती नहीं हैं। हालांकि लगातार हो रही ट्रोलिंग और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह गंभीर कदम उठा लिया।

पोस्ट देखकर घर पहुंचे परिजन

घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। पति ने बताया कि वह अपने भाई के घर गए हुए थे। इसी दौरान एक परिचित का फोन आया, जिसने सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचे, जहां अनीता ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार जारी

फिलहाल अनीता बिश्नोई का मथुरादास माथुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मामले को लेकर पुलिस और संबंधित एजेंसियां भी जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।

नोट: आत्महत्या या आत्म-क्षति के विचार आने पर तुरंत परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लें। सहायता मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस का कदम है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *