सुमेरपुर में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को अपने निवास स्थान पर जनसुनवाई आयोजित कर क्षेत्र के आमजन, बुजुर्गों और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने पेयजल, सड़क, बिजली, सफाई, राजस्व और अन्य जनहित से जुड़े कई मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। कुमावत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बुजुर्गों ने अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने सभी की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि “देवतुल्य जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
चांचौड़ी गांव में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में लिया भाग
जनसुनवाई के बाद कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के चांचौड़ी गांव पहुंचे, जहां श्री चामुण्डा सुभद्रा माताजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित सभा में भाग लिया। इस पावन अवसर पर मंत्री कुमावत ने माँ चामुण्डा के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वकल्याण की मंगलकामना की।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और आमजन के हित में लगातार कार्य कर रही है।
क्षेत्रवासियों से किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने उपस्थित लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा अधिकारियों को जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।








