अमेरिका में एयर शो के दौरान बीच आसमान में टकराए दो फाइटर जेट, धू-धू कर जले

अमेरिका में एयर शो के दौरान बीच आसमान में टकराए दो फाइटर जेट, धू-धू कर जले

अमेरिका के इडाहो स्टेट में आयोजित एक एयर शो के दौरान भीषण हादसा हो गया. रविवार दोपहर माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ चल रहा था, इसी दौरान यूएस नेवी के दो फाइटर जेट हवा में एक-दूसरे से टकरा गए.

लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फाइटर जेट्स हवा में करतब दिखा रहे थे, इसी दौरान बैलेंस बिगड़ने या तालमेल में कमी के चलते दोनों विमान आपस में टकरा गए और देखते ही देखते आग का गोला बनकर जमीन पर गिर पड़े. इस खौफनाक घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हादसे के शिकार विमान अमेरिकी नौसेना के EA18-G ग्राउलर थे.

चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित

यूएस नेवी ने बताया कि रविवार (17 मई) को इडाहो के ‘माउंटेन होम एयर फोर्स बेस’ के पास एक एयर शो के दौरान दो मिलिट्री जेट हवा में आपस में टकरा गए. राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में सवार चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे. बेस अधिकारियों के मुताबिक, चारों की हालत अभी स्थिर है. जमीन पर मौजूद दर्शकों या सैन्य कर्मियों में से किसी को भी चोट नहीं आई है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को आठ साल बाद पहली बार ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ का आयोजन हो रहा था. इससे पहले 2018 में हुए पिछले शो के दौरान भी एक हादसा हुआ था, जिसमें एक हैंग-ग्लाइडर पायलट की मौत हो गई थी. फायर डिपार्टमेंट, पुलिस और इमरजेंसी मैनेजमेंट अधिकारियों की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

हादसे की जांच शुरू

ये दोनों विमान वॉशिंगटन स्थित ‘इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129’ का हिस्सा थे. हादसे के तुरंत बाद एयर शो को रोक दिया गया और सैन्य अधिकारियों ने दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने इसे एक गंभीर हादसा बताया है, लेकिन समय रहते पायलटों के बाहर निकलने को एक बड़ी राहत माना जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *