पाली, 28 फरवरी| सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण की शुरुआत शनिवार को पाली जिला मुख्यालय पर हाउसिंग बोर्ड में संचालित हो रही शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 14 वर्ष की बालिका को टीका लगाकर की गई । इस टीका का प्रदेश व्यापी शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से किया गया।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिले में एचपीवी के 8300 डोज प्राप्त हुई है। प्रदेश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत के साथ जिले में भी टीका लगाने की शुरुआत की गई है। टीकाकरण अभियान आगामी 90 दिनों तक संचालित रहेगा, जिसमें एचपीवी का टीका 14 साल अधिक आयु की बालिकाओं को लगाया जाएगा। पहले दिन पाली जिले में चिन्हित 4 चिकित्सा संस्थानों पर टीकाकरण सेषन आयोजित कर यह टीका लगाया गया। आगामी टीकाकरण दिवसों पर ये टीके सीएचसी, उप जिला एवं जिला अस्पताल में लगाए जाएंगे। सीएमएचओ डॉ.विकास मारवाल ने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त व स्वैच्छिक होगा। इसका मकसद सभी वर्गों की बालिकाओं तक बराबर पहुंच सुनिश्चित करना है। अभियान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चलाया जाएगा। सभी टीका केंद्र 24 घंटे चलने वाली सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े होंगे ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।
टीकाकरण शुभारंभ कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, आरसीएचओ डॉ.विजेन्द्रपालसिंह चूण्डावत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदांत गर्ग आदि उपस्थित रहे।
आरसीएचओ डॉ.चूण्डावत ने बताया कि 14 साल की उम्र में एक डोज देने से मजबूत व लंबे समय तक सुरक्षा मिलती है।
उन्होंने ने बताया कि ताज़ा शोध के अनुसार सर्वाइकल कैंसर के हर साल 80 हजार नए मामले सामने आते हैं और 42 हजार से ज्यादा महिलाओं की मौत हो जाती है। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) महिलाओं बढ़ती समस्या है,एचपीवी वैक्सीन भविष्य में कैंसर से बचाव के लिए सबसे अच्छा उपाय है। जिलास्तरीय के शुभारंभ दौरान डीपीएम भवानीसिंह, जिला लेखा प्रबंधक प्रवीण राणासरिया, एपिडेमियोलोजिस्ट डॉ.अंकित माथुर, डीपीसी रामप्रकाश गढ़वाल, डीपीसी आईईसी नंदलाल शर्मा, डीवीसी प्रभारी हेमलता पंवार, करण बोरेसा, मोहित सारस्वत, देवीलाल यादव, सिकंदर कुमार सहित यूपीएचसी के स्टॉफ मौजूद रहे।








