श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला-2026 का मंगलवार को हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य समापन

श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला-2026 का मंगलवार को हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य समापन
पाली, 17 फरवरी। जिले के श्री निम्बेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला-2026 का मंगलवार को हर्षाेल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य समापन हुआ। अंतिम दिवस विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मेले में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए पशुपालकों, श्रद्धालुओं एवं मेलार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
May be an image of one or more people, dais and text
समापन समारोह में जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि ऐसे मेले पशुपालकों को आर्थिक अवसर प्रदान करने के साथ क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय 3100 रुपये तथा तृतीय 2100 रुपये प्रदान किए गए। भेड़-बकरी वर्ग में क्रमशः 2100 रुपये, 1100 रुपये एवं 500 रुपये के पुरस्कार दिए गए।
May be an image of lighting, dais and text
उद्घाटन दिवस से ही पशुओं की भारी आवक दर्ज हुई, जिससे मेले की लोकप्रियता और व्यापकता स्पष्ट हुई। मेले में अश्व नृत्य, अश्व श्रृंगार, ऊँट नृत्य, ऊँट श्रृंगार, गोड़वाड़ केसरी, गोड़वाड़ सुंदरी, मूंछ एवं साफा प्रतियोगिता सहित अनेक पारंपरिक प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहीं। मनोरंजन के लिए आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं में तेरहताली, भवाई एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। भजन संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रमों से मेले का वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। पशुधन प्रतियोगिताओं में अश्व, ऊँट, गौवंश, भैंस, भेड़ एवं बकरी वर्ग में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
May be an image of one or more people, dais and text
मेले में महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब एवं राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से पशुपालकों की भागीदारी रही। कुल 1537 पशुओं की आवक दर्ज की गई तथा पशु विक्रय से पशुपालकों को उल्लेखनीय आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ। मेले में पशु औषधालय, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। पशुओं के उपचार हेतु अस्थायी पशु चिकित्सालय 24 घंटे संचालित रहा। पुलिस विभाग द्वारा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के चलते आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रहा।
मेला आयोजन में सुमेरपुर क्षेत्रीय प्रशासन, विभिन्न विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पशुपालकों तथा मेला प्रबंधन से जुड़े सभी सहयोगी संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। नगरपालिका सुमेरपुर, फालना, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, राजीविका एवं मार्केटिंग बोर्ड सहित अन्य विभागों ने एडीएम बाली एवं एसडीएम सुमेरपुर के निर्देशन में सक्रिय भूमिका निभाई। मेला स्थल की तैयारियों में ग्राम विकास अधिकारी जगदीश सुथार एवं ट्रस्ट अध्यक्ष जगत सिंह राणावत सहित सभी संबंधित अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और पशुधन आधारित गतिविधियों के समन्वय के साथ श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला-2026 का सफल एवं भव्य समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *