पाली, 02 फरवरी। श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए सोमवार को जिला कलक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में उनके कक्ष में बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिला कलेक्टर एल एन मंन्त्री ने सभी प्रकार की व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में 13 से 17 फरवरी तक आयोजित मेले के लिए विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

बैठक में श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला का आयोजन साण्डेराव सुमेरपुर में होगा जिसके तहत 13 फरवरी को प्रातः 11 बजे झण्डारोहण के साथ पशु मेला का उद्घाटन किया जाएगा। मेलें के दौरान पुंगनूर, गिर, कांकरेज, थारपारकर एवं शंकर नस्ल के श्रेष्ठ नस्लों की प्रदर्शनी की जाएगी। 14 फरवरी को अश्व एवं ऊष्ट्र नृत्य श्रृंगार प्रतियोगिता, रस्साकस्सी, साफा, मूंछ, गोडवाड केसरी, गोडवाड़ सुन्दरी, बेस्ट गोडवाड़ कपल प्रतियोगिता के साथ ही सायंकालिन सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 15 फरवरी को मारवाड़ी अश्व प्रतियोगिता एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। 16 फरवरी को गाय, भेंस, ऊष्ट्र, भेड एवं बकरी प्रतियोगिता तथा सांय 7 से 10 बजे तक सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित होगा। मेले के अंतिम दिवस 17 फरवरी को पारितोषण वितरण के साथ मेले का समापन होगा।

बैठक में पुलिस व्यवस्था व यातायात सम्बंधी व्यवस्था के पशुपालकों को रियायती दर पर भोजन उपलब्ध करवाने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीन पारियों में चौबिसों घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने, डिस्कॉम अधीक्षण अभियंता को मेले स्थल पर सुचारू विद्युत उपलब्ध करवाने, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता को मेला रोड़ संबंधी व्यवस्था, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को आमजन व पशुओं के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने, जिला शिक्षा अधिकारी को स्वागत गीत व उद्घोषक व्यवस्था करने, सरस डेयरी प्रबंधक को सरस पशु आहार उपलबध करवाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार लीड बैंक प्रबंधक को मोबाईल बैंक की व्यवस्था, कृषि विभाग को कृषि आदान स्टॉल व विभागीय प्रदर्शनी, पर्यटन विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था के निर्देश दिए। इसके साथ नगर पालिका सुमेरपुर, खुडाला फालना को मेला स्थल पर साफ सफाई, शौचालय, अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था के आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उप निदेशक पशु चिकित्सालय सुमेरपुर को ब्लॉक में उपलब्ध उन्नत नस्ल के पशुओं की सूची उपलब्ध करवाने तथा क्षेत्र में उन्नत पशुपालकों को जानकारी देकर मेले में सम्मिलित करें। इस अवसर पर बैठक में बाली अतिरिक्त जिला कलक्टर शैलेन्द्रसिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ मनोज पंवार सहित विभिन्न विभागों की जिला स्तरीय अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।











