एस जयशंकर 31 दिसंबर को जाएंगे ढाका, बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया के जनाजे में होंगे शामिल

एस जयशंकर 31 दिसंबर को जाएंगे ढाका, बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया के जनाजे में होंगे शामिल

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के जनाजे में शामिल होंगे। विदेश मंत्री ढाका 31 दिसंबर को रवाना होंगे। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की प्रमुख बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भारत सरकार और भारत के लोगों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके लिए वह 31 दिसंबर को ढाका जाएंगे।

पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने लिखा, ‘ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और बांग्लादेश के समस्त जनमानस के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें।’

दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में उनके योगदान पर पीएम मोदी ने लिखा, ‘बांग्लादेश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री के रूप में बांग्लादेश के विकास और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मुझे 2015 में ढाका में उनसे हुई उनकी सौहार्दपूर्ण मुलाकात याद है। हम आशा करते हैं कि उनकी दूरदृष्टि और विरासत हमारी साझेदारी को आगे भी दिशा देती रहेगी।उनकी आत्मा को शांति मिले।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *