अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव से महज 48 घंटे पहले भाजपा की विजय संकल्प यात्रा ने माहौल को गरमा दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस रोड शो में संयुक्त रूप से शक्ति प्रदर्शन किया। यह यात्रा अजीतपुरा बालाजी से आरंभ हुई, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
यात्रा का नेतृत्व प्रदेश मंत्री मदन राठौड़ ने किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश सह-संयोजक शिवम विजयवर्गीय, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, मंडल अध्यक्ष रोहित नंदवाना, चेयरमैन रामेश्वर खंडेलवाल और गणेश शर्मा भी उपस्थित रहे। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए और नेताओं पर फूलों की वर्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने 51 किलो के पुष्पहार से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने खुले वाहन में सवार होकर जनता का अभिवादन किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नेताओं का स्वागत किया। माहौल में चुनावी जोश साफ झलक रहा था। गहमागहमी और जयकारों के बीच भाजपा नेताओं ने जनता से विकास के लिए मतदान की अपील की। इससे पहले भाजपा की विजय संकल्प यात्रा मांगरोल में हुई थी, सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे शामिल हुईं थी।











