सुमेरपुर| शारदीय नवरात्रि पर शनिवार रात श्री भैरू चौक नवयुवक मंडल समिति के द्वारा भैरूचौक पर नवरात्रि महोत्सव में भक्ति और उत्साह का माहौल दिखा। यहां गरबा महोत्सव में महिलाओं और बालिकाओं ने पारंपरिक परिधानों में मां दुर्गा के गीतों पर गरबा खेला। वातावरण भक्तिमय और ऊर्जा से भरा रहा। गरबे की शुरुआत माता रानी की आरती से हुई। इसके बाद गायिका रश्मि शाह सूरत व गरबा गायक प्रवीण राठौर ने ढोल-नगाड़े और झांझ की ताल पर गरबा गीत गूंजने लगे। गायिका रश्मि शाह सूरत व गरबा गायक प्रवीण राठौर ने एक साथ गरबे की सुंदर प्रस्तुति दी। महिलाओं ने भी पूरे जोश से भाग लिया। देर रात तक गरबा चलता रहा। पारंपरिक लहंगे-चुनरी और गरबे के परिधान में सजी महिलाओं ने गोल घेरा बनाकर ताल पर थिरकना शुरू किया। दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। गरबा खेलती बालिकाओं और महिलाओं की झांकियों ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रकाश देवड़ा, उपाध्यक्ष नरेंद्र माली, सचिव दिलीप देवड़ा, कोषाध्यक्ष राजू अग्रवाल, महेश राठी, मुकेश माली, नगेंद्र व्यास, सुरेश वैष्णव, वेनाराम देवासी, अमर सिंह तंवर, जीतेन्द्र सेन, उत्तम देवड़ा, दीपक गोयल, भरत सोनी, दीपक परमार आदि मौजूद रहे।
खबरें और भी हैं…







