जोधपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पीछे से कार ने ई-स्कूटर को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत; दूसरी बाइक के 3 लोग घायल

जोधपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पीछे से कार ने ई-स्कूटर को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत; दूसरी बाइक के 3 लोग घायल

जोधपुर। शहर के सुरसागर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-स्कूटर सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाबा रामदेवरा मेले में आने वाले जातरुओं की सेवा करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उनके ई-स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार ने आगे चल रही एक अन्य मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

गोयलों की ढाणी के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे गोयलों की ढाणी के पास हुआ। महेंद्र भील की ओर से थाने में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, एक कार ने पीछे से ई-स्कूटर और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में ई-स्कूटर पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

अजय और उम्मेद की हुई मौत

थाना अधिकारी हरीश सोलंकी के अनुसार मृतकों की पहचान अजय (25) और उम्मेद (18) के रूप में हुई है। दोनों सोजती गेट स्थित भील बस्ती के रहने वाले थे।

पुलिस के मुताबिक उम्मेद अपनी मौसी के पास रहने के लिए आया हुआ था। दोनों युवक अपने साथियों के साथ रामदेवरा मेले में आने वाले जातरुओं की सेवा के लिए गए थे।

सेवा कार्य पूरा करने के बाद दोनों ई-स्कूटर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कट पर मुड़ते समय पीछे से आ रही कार ने उनके ई-स्कूटर को टक्कर मार दी।

दूसरी बाइक भी आई कार की चपेट में

हादसे के दौरान कार ने एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने कार चालक को पकड़ा

पुलिस ने मामले में कार चालक को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार चालक की पहचान केशर सिंह, निवासी बनाड़ के रूप में हुई है। पुलिस अब हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। रामदेवरा मेले में सेवा कर लौट रहे दोनों युवकों की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिचितों और क्षेत्रवासियों में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *