जवाई बांध में युवती के कूदने की सूचना से सनसनी, 6 घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

जवाई बांध में युवती के कूदने की सूचना से सनसनी, 6 घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

सुमेरपुर/पाली। सुमेरपुर के जवाई बांध से शनिवार को एक युवती के पानी में कूदने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सुमेरपुर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक करीब छह घंटे की तलाश के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।

सूचना मिलने पर सुमेरपुर सिटी थाना अधिकारी सवाई सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों हरीश मेघवाल (बलवना) और प्रकाश वाल्मीकि को भी तलाश के लिए मौके पर बुलाया।

करीब छह घंटे चला रेस्क्यू

गोताखोरों ने जवाई बांध के पानी में युवती की तलाश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस की ओर से SDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

अंधेरा होने के कारण देर शाम रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। अब सुबह SDRF की टीम द्वारा युवती की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।

युवती की पहचान नहीं हो सकी

फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्रवासियों से भी अपील की गई है कि यदि उनके आसपास की कोई युवती लापता है या लंबे समय से घर नहीं पहुंची है, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।

लापता युवती से संबंधित कोई जानकारी होने पर सुमेरपुर सिटी थाने से संपर्क करने की अपील की गई है।

मौत का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने पानी में छलांग क्यों लगाई। हत्या या आत्महत्या के संबंध में अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। युवती के मिलने और उसकी पहचान होने के बाद पुलिस जांच के आधार पर ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जवाई बांध में SDRF की सुबह होने वाली तलाश पर सभी की नजर है।

Share