पाली। भाई के साथ हुई मारपीट की घटना और जिले में बढ़ते अपराध के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सामने अनशन पर बैठे विधायक भीमराज भाटी ने शनिवार सुबह अपना अनशन समाप्त कर दिया। सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत और कोतवाल रविन्द्र सिंह खिंची ने उन्हें अनशन समाप्त करवाया।
विधायक भाटी ने कहा कि पुलिस-प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। आश्वासन के बाद उन्होंने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

अनशन समाप्त करने के बाद भाटी ने कहा कि अब वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस समर्थित पार्षदों के परिजनों से मुलाकात करेंगे और 21 सितंबर को होने वाले महापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुमित्रा जैन के पक्ष में मतदान कराने के लिए प्रयास करेंगे। पाली नगर निगम में कांग्रेस के 29, भाजपा के 21 और निर्दलीय 15 पार्षद हैं।
जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल ने भी नगर निगम में कांग्रेस बोर्ड बनाने का दावा किया। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जबरसिंह राजपुरोहित ने सीओ सिटी से 21 सितंबर के महापौर चुनाव को लेकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने की बात कही।
देर रात तक कार्यकर्ताओं से मिलते रहे भाटी
अनशन की पहली रात विधायक भाटी करीब रात 2 बजे सो पाए। कार्यकर्ताओं के देर रात तक मिलने आने के कारण उनकी नींद पूरी नहीं हो सकी। सुबह करीब 5:30 बजे उठने के बाद विधायक सेवा केंद्र में स्नान आदि किया और फिर अनशन स्थल पर लौट आए। बाद में कुछ देर आराम किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर फिर उनसे मुलाकात करने लगे।
ये लोग रहे मौजूद
अनशन स्थल पर जबर सिंह राजपुरोहित, मोहन हटेला, महावीर सिंह राजपुरोहित, भागीरथ सिंह राजपुरोहित, सुमित्रा जैन, जीवराज बोराणा, मदन सिंह जागरवाल सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हेडलाइन के लिए छोटा




