पिंडवाड़ा। पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र की कोजरा नदी में शनिवार को एक अज्ञात आदिवासी युवती अचेत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को गंभीर हालत में पहले पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को किसी व्यक्ति ने पिंडवाड़ा थाने में सूचना दी कि कोजरा नदी में एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही कांस्टेबल राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया।
108 एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
युवती की गंभीर हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। एंबुलेंस के पायलट जगदीश कुमार और मेल नर्स जय सिंह ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवती को पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे सिरोही के सरकारी अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में चल रहा उपचार
सिरोही ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों की टीम युवती का इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
पहचान और घटना के कारण की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि युवती के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या परिचय पत्र नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान के प्रयास कर रही है।
प्राथमिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि मामला कीटनाशक सेवन से जुड़ा हो सकता है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने जहरीला पदार्थ स्वयं सेवन किया या किसी ने उसे पिलाया। पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और उसकी पहचान के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पिंडवाड़ा पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

