सिरोही में डेढ़ महीने बाद बारिश, अरावली की पहाड़ियों से सड़क पर आया पानी; बाजार से जेल चौराहा तक बहा पानी

सिरोही में डेढ़ महीने बाद बारिश, अरावली की पहाड़ियों से सड़क पर आया पानी; बाजार से जेल चौराहा तक बहा पानी

सिरोही। करीब डेढ़ महीने के लंबे इंतजार के बाद शनिवार शाम सिरोही में बारिश हुई। शाम करीब 4:35 बजे हल्की तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश रुक-रुककर करीब 6:30 बजे तक जारी रही। बारिश शुरू होते ही शहर की सड़कों पर पानी तेजी से बहने लगा, जिसके चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

पिछले कई दिनों से तेज उमस और गर्मी से परेशान शहरवासियों को बारिश से राहत मिली। शाम को बारिश शुरू होने के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने भी राहत की सांस ली।

अरावली की पहाड़ियों से आया पानी

करीब आधे घंटे की अच्छी बारिश के दौरान अरावली की पहाड़ियों से पानी सदर बाजार होते हुए सरजावाव गेट और फिर जेल चौराहा की ओर सड़क पर बहने लगा। तेज बहाव के साथ नालियों में जमा कचरा भी सड़क पर फैल गया।

सड़कों पर पानी आने के कारण वाहन चालकों को भी सावधानी से गुजरना पड़ा। कुछ समय के लिए यातायात की रफ्तार भी प्रभावित रही।

पैलेस रोड पर फिर जमा हुआ पानी

बारिश के दौरान पैलेस रोड स्थित बाल मंदिर स्कूल और ओल्ड बिल्डिंग के मुख्य द्वार के सामने काफी पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

वाहन चालक बारिश और पानी के बीच हेडलाइट और वाइपर चालू कर सड़कों से गुजरते नजर आए।

बारिश में भीगते नजर आए लोग

लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश का शहरवासियों ने अलग-अलग अंदाज में स्वागत किया। सड़क और गलियों में कुछ लोग बारिश में भीगते हुए नजर आए, जबकि कई लोग छाता लेकर बारिश से बचते हुए अपने गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए।

डेढ़ महीने बाद हुई बारिश ने जहां सिरोहीवासियों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं सड़कों पर बहते पानी और जलभराव ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति भी सामने ला दी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *